आजमगढ़ : सूर्यास्त के बाद भी फहराता रहा तिरंगा, जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

Youth India Times
By -
0







प्राथमिक विद्यालय और खंड विकास कार्यालय में देर शाम तक नहीं उतारा गया राष्ट्रध्वज

अतरौलिया/आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र में जगह-जगह तिरंगा फहराकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया गया। वहीं, अतरौलिया क्षेत्र के कुछ स्थानों पर सूर्यास्त के बाद भी राष्ट्रध्वज फहरता दिखाई दिया। इससे राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसकी देखरेख को लेकर जिम्मेदारों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए। अतरौलिया क्षेत्र के बरसानी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में 15 अगस्त को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया गया था। लेकिन सूर्यास्त के बाद विद्यालय परिसर में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था और देर शाम तक राष्ट्रध्वज उसी तरह फहराता रहा। मौके पर तिरंगा लावारिस स्थिति में दिखाई दिया। इसी तरह अतरौलिया स्थित खंड विकास कार्यालय परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया गया, लेकिन सूर्यास्त के बाद उसे उतारने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। दोनों स्थानों पर राष्ट्रध्वज के सम्मान को लेकर लापरवाही सामने आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने कहा, "हमने कहा था कि सूर्यास्त के बाद झंडा उतार लिया जाए। लगता है वह उतरा नहीं है। मैं इसे दिखवाता हूं।" खंड शिक्षा अधिकारी वेदव्यास ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मामले को तुरंत दिखवाएंगे। वहीं, खंड विकास अधिकारी सुजीत पासवान ने भी मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि वह इसे दिखवाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)