विद्युत विभाग ने ग्रामीणों-किसानों को किया जागरूक, तार टूटने या फाल्ट की स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
फूलपुर (आजमगढ़)। बरसात के मौसम में विद्युत हादसों की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग ने ग्रामीणों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि एलटी विद्युत लाइनों के नीचे धान की रोपाई समेत किसी भी तरह का कृषि कार्य करने से बचें। बारिश के दौरान तार टूटने, पेड़ की डालियों के संपर्क में आने अथवा तकनीकी खराबी के कारण विद्युत करंट फैलने का खतरा बढ़ जाता है। तहसील मुख्यालय स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सदनीपुर के अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यदि कहीं विद्युत तार टूटे हों, फाल्ट दिखाई दे या किसी विद्युत उपकरण में खराबी नजर आए तो उसे छूने अथवा स्वयं ठीक करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल विद्युत विभाग के सरकारी मोबाइल नंबर 7307562579 पर सूचना दें या नजदीकी विद्युत उपकेंद्र को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि फूलपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से अवर अभियंताओं और लाइनमैनों द्वारा व्हाट्सएप संदेशों के जरिए लोगों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा गांवों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर भी ग्रामीणों को बारिश के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। विद्युत विभाग की टीमें स्टे वायर, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संभावित खामियों को समय रहते दूर करने में जुटी हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली के तारों और विद्युत उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की खराबी अथवा दुर्घटना की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।









