आजमगढ़ : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार बकरियों की मौत

Youth India Times
By -
0






तेज बारिश के दौरान हुआ हादसा, पांच बकरियां घायल, पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची
आजमगढ़। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के लारपुर बक्सू गांव में सोमवार सुबह तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार बकरियों की मौत हो गई, जबकि पांच बकरियां घायल हो गईं। घटना के बाद पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में राम शब्द पाल और राजेश पाल को आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार लारपुर बक्सू गांव निवासी राम शब्द पाल और राजेश पाल बकरी पालन का काम करते हैं। सोमवार सुबह दोनों अपनी-अपनी बकरियों को चराने के लिए गांव के समीप ले गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से राम शब्द पाल की दो और राजेश पाल की दो बकरियां उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरने से चारों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य बकरियां भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया और नियमानुसार उन्हें दफन कराया। वहीं घायल बकरियों की जांच कर उपचार किया गया। पशु चिकित्सा टीम ने पशुपालकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी भी दी। पशु चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पशुपालकों को मौसम खराब होने पर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। आकाशीय बिजली की संभावना होने पर पशुओं को खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के आसपास न रखें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए। उन्होंने सभी पशुपालकों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और सावधानी बरतने की अपील की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)