खू.न से ला..ल हुई काली सड़क, चार युवकों की मौत

Youth India Times
By -
0







जन्मदिन मनाने निकले थे चारों, डंपर की चपेट में आने से हुआ हादसा

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। चारों युवक एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए बाइक से निचलौल जा रहे थे। दमकी गांव के पास निचलौल-गोरखपुर हाईवे पर उनकी बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि पचमा गांव निवासी रामकयास का 22 वर्षीय पुत्र सन्नी का मंगलवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए उसके साथ परिवार के ही संतोष के पुत्र 20 वर्षीय विवेक, 18 वर्षीय शिव और व्यास के 19 वर्षीय पुत्र किशन बाइक से निचलौल के लिए निकले थे। रात करीब साढ़े आठ बजे चारों युवक अपने गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर दमकी गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन कुछ दूर जाकर डंपर सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। इसी बीच चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए चारों घायलों को निचलौल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चार युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों को मिली, घरों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। घटना की सूचना पर एडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ निचलौल रविंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय और तहसीलदार अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)