आजमगढ़ : फर्राटा फैन में उतरे करंट से विवाहिता की मौत, मायके में पसरा मातम

Youth India Times
By -
0

 


पिता की देखभाल के लिए मायके में रह रही थी विवाहिता, खाना बनाते समय हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ापुर कुतुब अली गांव में शनिवार सुबह फर्राटा फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बुढ़ापुर कुतुब अली गांव निवासी राम अचल यादव की पुत्री संध्या (35) की शादी मेंहनगर क्षेत्र निवासी शशिभूषण यादव के साथ हुई थी। संध्या पांच बहनों में चौथे स्थान पर थी और उसका कोई भाई नहीं था। पिता की देखभाल के लिए वह शादी के बाद से अधिकांश समय अपने मायके में ही रह रही थी। शनिवार सुबह करीब आठ बजे संध्या रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान फर्राटा फैन में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे तीन बच्चों 12 वर्षीय आयुषी, 9 वर्षीय आदित्य यादव और 5 वर्षीय आर्या को छोड़ गई है। उसके पति शशिभूषण यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में कानपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव और हल्का प्रभारी अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद पिता राम अचल यादव और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)