आजमगढ़ में टॉप-10 अपराधियों के सत्यापन को चला विशेष अभियान, पुलिस ने एक साथ दी दबिश

Youth India Times
By -
0

नगर सर्किल में पुलिस टीमों ने अभियुक्तों के ठिकानों का किया सत्यापन, निगरानी बढ़ाने के निर्देश

आजमगढ़। जनपद में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को टॉप-10 अभियुक्तों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में नगर सर्किल के सभी टॉप-10 अभियुक्तों के निवास स्थलों पर पुलिस टीमों ने एक साथ पहुंचकर सत्यापन और जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति, गतिविधियों एवं उपलब्धता का सत्यापन किया। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को इन अपराधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के विशेष सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश बना रहे और जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)