आजमगढ़ : प्राथमिक विद्यालय के पास लावारिस मिली नवजात बच्ची

Youth India Times
By -
0




पुलिस ने सुरक्षित कराया उपचार, स्वस्थ होने पर बच्ची को महिला को किया गया सुपुर्द
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के खानपुर चितरावल गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास गुरुवार सुबह एक नवजात बच्ची लावारिस अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बच्ची को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अज्ञात महिला नवजात बच्ची को विद्यालय के पास छोड़कर चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित फूलपुर स्थित निजी खुशी चाइल्ड केयर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. एस.के. यादव की देखरेख में नवजात का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी लगातार निगरानी की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्ची को छोड़कर जाने वाली महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उपचार के बाद नवजात बच्ची को किरन देवी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। बच्ची के घर पहुंचने पर किरन देवी के परिजनों ने खुशी जताई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चितरावल गांव में मिली नवजात बच्ची को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया था। बच्ची सुरक्षित है और मामले की जांच जारी है। नवजात के मिलने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)