आजमगढ़ : एसओजी की गाड़ी ने आशा कार्यकर्ता को मारी टक्कर

Youth India Times
By -
0







पहले स्कूल वाहन को मारा थी टक्कर, तकनीकी खराबी का दिया हवाला

आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर यूबीआई बैंक के सामने एसओजी की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार आशा कार्यकर्ता घायल हो गईं। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल प्रियंका (35) पत्नी चिंतामणि, निवासी पखनपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया गया कि प्रियंका सीएचसी अहरौला से दवा लेकर बाइक से अपने घर लौट रही थीं। वह यूबीआई बैंक के सामने पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एसओजी की गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि इससे पहले एसओजी की गाड़ी एक स्कूल वाहन से भी टकराई थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गईं और हादसे को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने घायल प्रियंका का हालचाल लिया और उनके उपचार की जानकारी ली। मौके पर आशा ब्लॉक संयोजक रीना उपाध्याय, आशा संघ की निवर्तमान अध्यक्ष बृजबाला सिंह समेत कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसओजी की गाड़ी में तकनीकी खराबी के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर टकराने की सूचना मिली है। घायल महिला से बातचीत की गई है और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)