हेड बॉय अरिहन्त राय व हेड गर्ल वर्तिका सिंह समेत छात्र पदाधिकारियों ने ली शपथ, अनुशासन व नेतृत्व का दिया गया संदेश
आजमगढ़। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, आजमगढ़ में बुधवार को नव निर्वाचित छात्र परिषद के पदग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, सीएओ साक्षी बिसेन, उपप्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय, कोऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज एवं मोना सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती की वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई। विद्यालय की छात्र परिषद में इस वर्ष अरिहन्त राय को हेड बॉय तथा वर्तिका सिंह को हेड गर्ल चुना गया। वहीं गौरी पांडेय एवं विवेक यादव को हेड ऑफ द स्कूल प्रीफेक्ट, रवि शंकर यादव को स्पोर्ट्स कैप्टन, सौरभ यादव को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, रीतिका गुप्ता को स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल), परी को स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, हर्ष चतुर्वेदी को कल्चरल कैप्टन (बॉय), ऋद्धि को कल्चरल कैप्टन (गर्ल), अभ्युदय कुमार को एकेडमिक कैप्टन तथा दिशा सिंह, पलक सिंह, अंश यादव एवं आर्यन कुमार को स्कूल प्रीफेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही ब्लू, ग्रीन, येलो एवं रेड हाउस के कैप्टन और वाइस कैप्टन का भी चयन किया गया। समारोह के दौरान छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि "निज शासन ही अनुशासन है।" उन्होंने विद्यार्थियों से पहले स्वयं अनुशासित बनने, छात्रहित एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



