आजमगढ़ : NEET-2026 में असफल होने पर छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

Youth India Times
By -
0


परिणाम आने के बाद थी निराश, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
आजमगढ़। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में सफलता नहीं मिलने के बाद निराश एक छात्रा ने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित कोईरी पोखरा निवासी संजय यादव की 18 वर्षीय पुत्री सृष्टि यादव मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने इस वर्ष आयोजित NEET-2026 की परीक्षा दी थी, लेकिन गुरुवार को घोषित परिणाम में उसे सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि परीक्षा परिणाम के बाद वह काफी निराश थी। शुक्रवार दोपहर परिवार के सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान सृष्टि अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)