आजमगढ़ : वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में युवती ने लगाई फांसी

Youth India Times
By -
0

 





मानसिक तनाव में उठाया आत्मघाती कदम
प्रेमी संग घर छोड़ने के बाद पुलिस ने किया था बरामद, परिजनों ने साथ ले जाने से किया इंकार
आजमगढ़। जनपद के एक वन स्टॉप सेंटर में सोमवार रात एक युवती ने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सेंटर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवती के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जिले के एक थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों घर से बिना बताए चले गए थे। इस संबंध में युवती के परिजनों ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश के बाद दोनों को बरामद कर थाने लाया, जहां उनकी काउंसिलिंग कराई गई। काउंसिलिंग के दौरान पुलिस ने युवती के परिजनों से उसे अपने साथ ले जाने के लिए कहा, लेकिन परिजनों ने उसे घर ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद नियमानुसार युवक और युवती को उनकी सुरक्षा एवं देखभाल के लिए अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि परिजनों के इंकार से युवती काफी आहत और मानसिक तनाव में थी। सोमवार देर रात उसने वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो युवती फंदे से लटकी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)