आजमगढ़ : बरसात में बिजली से रहें सतर्क, एलटी तारों के नीचे खेती न करें: विद्युत विभाग

Youth India Times
By -
0
AI Emage




ग्रामीणों को किया गया जागरूक, खराबी दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर, आजमगढ़। बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि एलटी (लो टेंशन) विद्युत तारों के नीचे धान की रोपाई या अन्य कृषि कार्य करने से बचें, क्योंकि बारिश के दौरान तार टूटने, पेड़ों की डालियों के संपर्क में आने अथवा अन्य तकनीकी कारणों से करंट प्रवाहित होने का खतरा बना रहता है। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सुजीत कुमार ने बताया कि यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे, फॉल्ट हो या कोई अन्य तकनीकी खराबी नजर आए तो लोग स्वयं उसे छूने या ठीक करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल संबंधित विद्युत कर्मी या निकटतम विद्युत उपकेंद्र को सूचना दें, ताकि समय रहते खराबी दूर कर किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि फूलपुर क्षेत्र के सभी विद्युत उपकेंद्रों से अवर अभियंताओं और लाइनमैनों द्वारा व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से लोगों को विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही चौक-चौराहों और गांवों में पहुंचकर भी ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है। विभाग की टीम स्टे वायर, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण भी कर रही है, ताकि संभावित खामियों को समय रहते दूर किया जा सके। विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की विद्युत खराबी की सूचना तत्काल विभाग को दें। विभाग का कहना है कि जनसहयोग से ही विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)