गर्भवती होने पर सामने आया मामला, मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने 21 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के मामले में नामजद दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजन द्वारा थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि अश्वनी और मोहम्मद अमजद ने उनकी 21 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब परिजन घर से बाहर रहते थे, तब दोनों आरोपी घर पर भी पहुंचकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाते रहे। कुछ समय बाद पीड़िता की तबीयत लगातार खराब रहने पर उसका चिकित्सीय परीक्षण और सोनोग्राफी कराई गई, जिसमें उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने दोनों आरोपियों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना बिलरियागंज में धारा 70(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्वनी निवासी पुराना चौक, कस्बा बिलरियागंज तथा मोहम्मद अमजद निवासी ग्राम नसीरपुर, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।




