कथित पुत्र के पिता के घर में रहने की मांग पर अड़ी रही महिला, पुलिस के आश्वासन के बाद नीचे उतरी
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव में शनिवार को एक युवती न्याय की मांग को लेकर टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों के समझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी। जानकारी के अनुसार नूरुद्दीनपुर गांव निवासी मंजू (32) पुत्री फूलचंद शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर मोबाइल फोन लेकर चढ़ गई। खंभे पर चढ़ने के बाद उसने गांव के ही एक व्यक्ति, जिसे वह अपने पुत्र का पिता बता रही थी, के घर में रहने की मांग रखी। घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली से महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी शुक्ला और उपनिरीक्षक संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया और उसकी बात सुनी। काफी देर तक समझाने-बुझाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद करीब दो घंटे बाद दोपहर लगभग 1:50 बजे युवती खंभे से नीचे उतरने को तैयार हुई। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मौके पर तैनात रही और आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। बताया जाता है कि वर्ष 2021 में युवती ने जीयनपुर कोतवाली में गांव के ही अनुग्रह सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में मामला न्यायालय पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बावजूद युवती कथित रूप से अनुग्रह सिंह के घर में रहने की मांग पर अड़ी हुई थी। पुलिस ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसकी शिकायत के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।




