मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवक अतुल की कथित तौर पर सांप से डसवाकर हत्या कराने के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दामिनी ने अपने पति अतुल की हत्या की योजना काफी पहले बना ली थी। आरोप है कि पहले सड़क दुर्घटना के जरिए हत्या कराने की कोशिश की गई, लेकिन वह असफल रही। इसके बाद सांप से डसवाकर हत्या करने की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार, दामिनी और उसके कथित प्रेमी तुषार ने पूछताछ में बताया कि दोनों फोन पर इस संबंध में बातचीत नहीं करते थे, बल्कि आमने-सामने मिलकर योजना बनाते थे। पुलिस दोनों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जानकारी के मुताबिक, 27 जून को दामिनी और अतुल की शादी की सालगिरह थी। उसी दिन अतुल ने सोशल मीडिया पर पत्नी के साथ फोटो साझा कर उसे शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दी थीं और शाम को परिवार के साथ डिनर पर भी गया था। वहीं, आरोप है कि इसी दिन दामिनी ने तुषार को अतुल की हत्या कराने के लिए सुपारी दी और 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए। पुलिस के अनुसार, तुषार ने एक ड्राइवर को बड़ी रकम का लालच देकर अतुल का सड़क हादसा कराने की योजना बनाई। कथित तौर पर अर्टिगा कार से अतुल को टक्कर भी मारी गई, लेकिन वह बच गया। घटना के बाद मामला पुलिस तक न पहुंचे, इसके लिए रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। सड़क हादसे की योजना विफल होने के बाद आरोप है कि दामिनी और तुषार ने सांप से डसवाकर हत्या की साजिश पर काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार, सांप लाने के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और 15 हजार रुपये एडवांस दिए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि दामिनी ने कथित तौर पर एक झोलाछाप डॉक्टर से नींद की गोलियां लीं, जिन्हें दूध में मिलाकर अतुल को पिलाया गया। इसके बाद उसके बेहोश होने पर बिस्तर पर सांप छोड़ दिया गया और सांप के डंसने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की पुष्टि उपलब्ध साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर की जा रही है।
Post a Comment
0Comments




