भारी बारिश के चलते यूपी के इन जिलों में 8वीं तक के स्कूल बंद

Youth India Times
By -
0


जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी, जौनपुर और बलिया में गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। आदेश परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा। वाराणसी के बीएसए भूपेंद्र सिंह ने जारी आदेश में कहा है कि अत्यधिक वर्षा और अतिवृष्टि के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 3 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और अपार, डीबीटी, यू-डायस समेत अन्य विभागीय कार्यों का निस्तारण करेंगे। प्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। अलग-अलग जिलों में कच्चे मकान, दीवार और जर्जर छज्जे गिरने से हुए हादसों में 11 लोगों की मौत की सूचना है। वहीं गंगा, यमुना, टोंस और मंदाकिनी समेत कई नदियां खतरे या चेतावनी बिंदु के ऊपर बह रही हैं। इससे कई जिलों में बाढ़ का संकट भी गहरा गया है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन वाराणसी, जौनपुर और बलिया में कक्षा आठ तक के विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। प्रदेश में अब तक 592.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि औसत वर्षा 607.5 मिलीमीटर है। इस तरह मौजूदा मानसून सीजन में प्रदेश में बारिश औसत के करीब पहुंच चुकी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)