सड़क हादसे में बाइक सवार लैब टेक्नीशियन समेत दो की हुई मौत
सीएमओ कार्यालय में पदभार ग्रहण कर घर लौटते समय हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मरगोपुर-कौड़िया के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार लैब टेक्नीशियन समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के उंचडिहा गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार यादव (30) सोमवार को आजमगढ़ आए थे। परिजनों के मुताबिक, ज्ञानेंद्र कोरोना काल के दौरान लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। बाद में उनकी सेवा समाप्त हो गई थी। न्यायालय के आदेश के बाद उनकी नियुक्ति बहाल हुई थी। इसी सिलसिले में वह सोमवार को आजमगढ़ स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पदभार ग्रहण करने आए थे। पदभार ग्रहण करने के बाद ज्ञानेंद्र बाइक से अपने घर लौट रहे थे। वह कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक की टक्कर सड़क पर पैदल जा रहे जलालपुर जगजीवन पट्टी निवासी हौसिला (55) से हो गई। टक्कर लगने से हौसिला सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण हौसिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद ज्ञानेंद्र की बाइक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल रानी की सराय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद ज्ञानेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि ज्ञानेंद्र अपने पीछे एक बेटी छोड़ गए हैं। वहीं हौसिला गांव-गांव घूमकर कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करते थे। उनके परिवार में छह बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।




