चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक गेस्ट हाउस में पति के अपनी कथित प्रेमिका के साथ मिलने पर जमकर हंगामा हो गया। पति को रंगे हाथ पकड़ने पहुंची पत्नी ने दोनों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला खोवा मंडी गली स्थित एक गेस्ट हाउस में एक युवक अपनी कथित प्रेमिका के साथ ठहरा हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर रविवार शाम करीब चार बजे उसकी पत्नी मौके पर पहुंच गई। गेस्ट हाउस में पति को प्रेमिका के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा और उसने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पति-पत्नी के बीच काफी देर तक कहासुनी भी होती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment
0Comments




