आजमगढ़ : प्रसूता की मौत मामले में हॉस्पिटल संचालक गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0


प्रसव पीड़ा के बाद ऑपरेशन करने पर बिगड़ी थी हालत

रिपोर्ट : सर्वेश पांडेय
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने प्रसूता कौशिल्या की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश हॉस्पिटल से जुड़े नामजद अभियुक्त राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शाहडीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू कौशिल्या को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने समुचित उपचार नहीं किया। बाद में गंभीर स्थिति बताकर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का भी आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 188/26 के तहत धारा 105 बीएनएस तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव और पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर से अभियुक्त राजेश गुप्ता (54) निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कोई बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, आरक्षी समरपाल यादव, प्रभाकर पटेल तथा महिला आरक्षी कोमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की विवेचना कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)