सीएमओ को 10 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया के मदियापार मोड़ स्थित अंश चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के विरुद्ध कथित अनियमितताओं की शिकायत पर आयुक्त आजमगढ़ मंडल ने जांच के आदेश दिए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल बिना किसी योग्य चिकित्सक के नवजात शिशुओं का एनआईसीयू उपचार, नेबुलाइजर सुविधा तथा विभिन्न प्रकार के टीकाकरण का संचालन कर रहा है। शिकायतकर्ता रमाकांत मिश्र क्षेत्रीय संयोजक गोरखपुर क्षेत्र भाजपा ने आरोप लगाया है कि अस्पताल संचालक के पास आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता नहीं है तथा अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अस्पताल में फायर सेफ्टी, मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं हैं और काल्पनिक चिकित्सकों की डिग्रियों के आधार पर अस्पताल चलाया जा रहा है। साथ ही, अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त, आजमगढ़ मंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आजमगढ़ को टीम गठित कर मामले की जांच कराने तथा 10 दिनों के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



