एक ही परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या

Youth India Times
By -
0

मृतकों में पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चे शामिल

घटनास्थल से दो कट्टे व कई खोखे बरामद; सभी पहलुओं पर जांच जारी
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित झौहना गांव के गोसाई पुरवा में शुक्रवार शाम करीब 6:50 बजे एक ही परिवार के चार लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। मृतकों में 28 वर्षीय बजरंग गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और 10 माह का बेटा जयदीप शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घर के भीतर चारों को खून से लथपथ पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाली देहात पुलिस तथा फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य एकत्र किए और विस्तृत जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई राम कुमार गिरी ने बताया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर जब वे पहुंचे तो चारों के शव घर के अंदर पड़े मिले। उनके अनुसार, सभी को कट्टे से गोली मारी गई है। हालांकि घटना के पीछे की वजह के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चों को गोली मारी गई और बाद में बजरंग गिरी ने खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो कट्टे और कई खोखे बरामद हुए हैं। मृतक के दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन, पारिवारिक संबंधों, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच में जुटी रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)