आजमगढ़ : प्रधान सहायक रहमतुल्लाह खान को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में उमड़े अधिकारी-कर्मचारी

Youth India Times
By -
0



सेवानिवृत्ति पर अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित, कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व की हुई सराहना
रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। विकास खंड फूलपुर कार्यालय में शनिवार को उर्दू अनुवादक एवं प्रधान सहायक रहमतुल्लाह खान के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने की। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सरल, सौम्य एवं मृदुभाषी स्वभाव, कार्यकुशलता तथा सहयोगात्मक कार्यशैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृगांक यादव 'टाइगर' ने रहमतुल्लाह खान को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनका मिलनसार व्यक्तित्व, गीत-गजल प्रस्तुत करने की शैली और सभी के प्रति आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रहेगा। वहीं, खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने कहा कि उनका साथ भले ही कम समय का रहा, लेकिन कार्य के प्रति उनकी निष्ठा, जिम्मेदारी और कार्यशैली सभी के लिए अनुकरणीय रही। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में रहमतुल्लाह खान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा से हुई है, लेकिन सहकर्मियों का स्नेह और अपनापन जीवनभर उनके साथ रहेगा। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)