दहेज, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के खिलाफ किया जागरूक, महिलाओं से निर्भीक होकर हेल्पलाइन व पुलिस से संपर्क करने की अपील
आजमगढ़। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गम्भीरपुर थाना पुलिस ने ग्राम गोमाडीह में "बहू-बेटी सम्मेलन" का आयोजन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल ने किया। सम्मेलन में ग्राम प्रधान, सखी समूह की सदस्याएं, आशा बहुएं तथा बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास तथा सामाजिक सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों की रोकथाम में पुलिस और समाज की संयुक्त भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी संकोच के स्थानीय पुलिस से संपर्क करें तथा महिला हेल्पलाइन 1090 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, महिला कांस्टेबल सुषमा सरोज, महिला कांस्टेबल स्वाती जायसवाल तथा महिला कांस्टेबल शीला यादव सहित थाना गम्भीरपुर की पुलिस टीम मौजूद रही।





