मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
आजमगढ़। जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी की सराय पुलिस ने सोमवार को ग्राम मझगांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत विधिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमिताबचन्द अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मझगांव में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध खनन में संलिप्त पाया। वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं हो सका, जबकि उसके चेसिस एवं इंजन नंबर के आधार पर ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमिताबचन्द एवं कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





