आजमगढ़ : जीडी ग्लोबल स्कूल में भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी, नई विद्यार्थी परिषद ने संभाला नेतृत्व

Youth India Times
By -
0


नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा की शपथ, टॉर्च रिले ने दिया नेतृत्व की विरासत आगे बढ़ाने का संदेश
आजमगढ़। करतारपुर बाईपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में बुधवार को इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026-27 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हुए उन्हें विद्यालय की विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन के सम्मानित अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन तथा स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय गीत की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को उत्साह और गौरव से भर दिया। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व किसी पद से नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और आचरण से सिद्ध होता है। मैनेजर गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों से टीम भावना और ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। वहीं कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने कहा कि सच्चा नेता अपने कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा बनता है। प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने विद्यार्थियों को नेतृत्व की वास्तविक भावना समझाते हुए कहा कि पद से मिलने वाले अधिकार और सम्मान अस्थायी होते हैं, जबकि व्यक्ति की पहचान उसके आचरण और कार्यों से बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की प्रेरणा दी। समारोह के मुख्य चरण में विभिन्न सदनों के प्रिफेक्ट्स, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, मीडिया टीम, असेंबली हेड्स, सांस्कृतिक एवं खेल विभाग के प्रमुखों के साथ वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, हेड बॉय और हेड गर्ल को बैज एवं सैश पहनाकर नेतृत्व की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विद्यालय के अनुशासन, मूल्यों और कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली। समारोह का विशेष आकर्षण 'टॉर्च रिले—कैरीइंग द लिगेसी' रहा, जिसके माध्यम से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं और नेतृत्व की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन हेड बॉय एवं हेड गर्ल के धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रीय गान की वाद्य प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि नई विद्यार्थी परिषद अपने समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)