शौच के लिए घर से निकला था किशन सरोज, काफी देर बाद पोखरे में मिला शव
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ गांव में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। सुबह शौच के लिए घर से निकला युवक काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद गांव के पोखरे में उसका शव उतराता मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, करनेहुआ गांव निवासी प्रमोद सरोज का बड़ा पुत्र किशन सरोज (19) बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। करीब एक घंटे तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पोखरे में शव उतराता देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मेंहनगर थाना पुलिस भी उपनिरीक्षक रामगोपाल त्यागी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को पोखरे से बाहर निकाला गया। शव की पहचान किशन सरोज के रूप में होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण डूबना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से मां सुनीता, बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

