आजमगढ़ : गुरु पूर्णिमा पर बड़ा गणेश मंदिर में संतों का सम्मान, भाजपा ने निभाई गुरु परंपरा

Youth India Times
By -
0


क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय बोले— गुरु का स्थान भारतीय संस्कृति में ईश्वर से भी ऊपर
आजमगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान के तहत शहर के ऐतिहासिक बड़ा गणेश मंदिर में संत-महात्माओं एवं पुजारियों का सम्मान किया गया। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, पूर्व सदर प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा तथा वेदांता ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं युवा समाजसेवी ऋत्विक जायसवाल ने मंदिर के महंत पंडित राजेश मिश्रा को अंगवस्त्र भेंट कर माल्यार्पण किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान सभी ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि गुरु पूजन सनातन संस्कृति की प्राचीन परंपरा है और भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊपर माना गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा देशभर के मठों और मंदिरों में संत-महात्माओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और गुरु परंपरा के सम्मान के लिए किया जा रहा है। वेदांता ग्रुप के प्रबंध निदेशक ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमारी सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रथम गुरु माता-पिता होते हैं और उसके बाद प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में अनेक गुरुओं से ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त करता है। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय सांस्कृतिक विरासत बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संत-महात्मा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)