आजमगढ़ : प्रसूता मौत मामले में डॉक्टर दंपती की तलाश तेज, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

Youth India Times
By -
0



आरोपित डॉक्टर अकबर खान और डॉ. निकहत खान नहीं मिले, पुलिस ने कई ठिकानों पर की तलाश
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली (माहुल) में प्रसूता की मौत के मामले में नामजद आरोपित शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय के संचालक डॉ. अकबर खान और उनकी पत्नी डॉ. निकहत खान की तलाश में अहरौला पुलिस ने रविवार शाम व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। हालांकि पुलिस को दोनों आरोपित नहीं मिले, लेकिन करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मचा रहा। थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल, उपनिरीक्षक नीतेश चौबे तथा करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम शाम करीब आठ बजे माहुल के पठान मोहल्ला स्थित डॉ. अकबर खान के आवास पर पहुंची। पुलिस ने उनके घर की गहन तलाशी लेने के साथ ही उनके भाइयों के आवास सहित अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाश की। छापेमारी के दौरान आरोपित डॉक्टर दंपती का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग अपने-अपने घरों में चले गए। थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि प्रसूता की मौत के मामले में नामजद आरोपित डॉ. अकबर खान और डॉ. निकहत खान की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है और दोनों आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)