आजमगढ़ : फर्जी नियुक्ति पत्र से 15 युवाओं से 22.50 लाख की ठगी

Youth India Times
By -
0


परिषदीय स्कूलों में करा दी गई थी जॉइनिंग

बीएसए और बीईओ कार्यालय के नाम से बनाए गए कूटरचित आदेश
आजमगढ़। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने बेरोजगार युवक-युवतियों से करीब 22.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। फर्जी नियुक्ति पत्र और विभागीय आदेश के जरिए 15 अभ्यर्थियों को सठियांव विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों में योग शिक्षक के रूप में जॉइनिंग भी करा दी गई। मामला सोमवार को सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़ितों के अनुसार, उन्हें बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय के नाम से जारी कथित नियुक्ति पत्र और आदेश दिए गए थे। इन दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में उनकी तैनाती कर दी गई। नियुक्ति पत्र में 12,450 से 13,500 रुपये प्रतिमाह वेतन का उल्लेख था। नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 1.35 लाख से 1.50 लाख रुपये तक वसूले गए। बताया गया कि अप्रैल-मई 2025 के दौरान सभी अभ्यर्थियों ने संबंधित विद्यालयों में योग प्रशिक्षण भी दिया। लेकिन जब वेतन भुगतान के लिए विभाग से संपर्क किया गया तो पता चला कि विभाग ने ऐसी कोई नियुक्ति की ही नहीं थी और सभी नियुक्ति पत्र व आदेश फर्जी थे। पीड़ितों ने बीएसए, मुबारकपुर थाना और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में सुनीता जायसवाल, साधना देवी, पवन राजभर, अंजलि वर्मा, प्रियंका वर्मा, रेनू जायसवाल, दीपक मिश्रा, सिमरन मद्धेशिया, प्रिया जायसवाल, रुक्मिणी देवी, रूपा जायसवाल, राहुल गोंड, वंदना जायसवाल और राजेश कुमार सहित अन्य शामिल हैं। मामले के सामने आने के बाद यह भी बड़ा सवाल उठ रहा है कि बिना दस्तावेजों का सत्यापन किए विद्यालयों में जॉइनिंग कैसे करा दी गई और इतने लंबे समय तक शिक्षा विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। अब पीड़ित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)