आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0


दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में वांछित था आरोपी, दोनों पैरों में लगी गोली

आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र में दादा और चचेरे भाई की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को सोमवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटर साइकिल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात पवई थाना क्षेत्र के हेवती गांव में पैतृक संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर संतोष यादव पुत्र स्व. सूर्यलाल उर्फ सनातन दास निवासी ताराखुर्द, थाना मालीपुर (अंबेडकरनगर) ने अपने दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना पवई पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था। सोमवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की ओर से हेवती आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक लेन-देन के विवाद में दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP45W7734) तथा ₹600 नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर जानलेवा हमला तथा आयुध अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)