भव्य तरीके से किया गया नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले प्रशांत, अनुज, शरद, सिद्धांत और सौरभ का सम्मान
यह सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय, वर्तमान विद्यार्थी इन सफल छात्रों से लें प्रेरणा-राजेन्द्र प्रसाद यादव
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल ने सफलता के मंच पर फिर मजबूती से झंडे गाड़ दिये। सीबीएसई की परीक्षा में हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट में पूरे आजमगढ़ मण्डल में टाप करने के साथ ही शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले सर्वोदय पब्लिक स्कूल ने नीट की परीक्षा में भी शानदार परिणाम दिया है। सर्वोदय पब्लिक स्कूल के पांच छात्रों ने नीट की परीक्षा को सर्वोत्तम अंक के साथ सफलता हासिल की है। सफलता के आसमान में सर्वोदय पब्लिक स्कूल के पांच और सितारों ने अपनी चमक बिखेर दी। सोमवार को नीट-2026 में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यालय के पूर्व छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के पूर्व छात्र प्रशांत यादव ने आल इंडिया रैंक 3617, अनुज यादव ने 13353, शरद यादव ने 15149, सिद्धांत यादव ने 20580 तथा सौरभ यादव ने 22111 रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव, प्रधानाचार्या सुकांक्षा अवस्थी एवं उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों से इन सफल छात्रों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या सुकांक्षा अवस्थी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और कठिन परिश्रम एवं लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

