आजमगढ़ : धारदार हथियार से हमला, रिटायर्ड शिक्षक समेत दो घायल

Youth India Times
By -
0



पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप, पुलिस ने चार नामजद के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट-अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में रिटायर्ड शिक्षक समेत दो लोगों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:45 बजे रिटायर्ड शिक्षक राजमणि त्रिपाठी अपने पड़ोसी गांव के रामधनी यादव के साथ घर के सामने बनी मंडई की मरम्मत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अमन, अर्पित, मुकेश और निशा लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राजमणि त्रिपाठी और उनके भतीजे इंद्रेशमणि गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमला पूर्व नियोजित था। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने के साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है। इस मामले में शिकायतकर्ता ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की तहरीर पर निजामाबाद थाने में एफआईआर संख्या 184/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)