आजमगढ़ : सिविल विवाद के बीच बिजली मीटर से तोड़फोड़, चार नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0



कमीशन की कार्रवाई प्रभावित करने की साजिश का आरोप, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज पुलिस को सौंपे

रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में संपत्ति विवाद के बीच एक महिला के घर पर लगे सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को उखाड़कर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरिहा निवासी नाहिद तवस्सुम पत्नी इमरान अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 8 जनवरी 2026 को एक मकान खरीदा था, जिसको लेकर सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है। मामले में 8 जुलाई को न्यायालय द्वारा कमीशन की कार्रवाई प्रस्तावित थी। आरोप है कि 7 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे विपक्षी अब्दुल रहमान, अहमद रजा खान, फारूख हामिद तथा कुछ अज्ञात लोगों ने उनके मकान पर लगे सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को उखाड़कर तोड़ दिया और उसे नाली (गटर) में फेंक दिया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी फुटेज उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराई है। साथ ही बिजली कनेक्शन से संबंधित रसीद और बिल की प्रतियां भी साक्ष्य के रूप में दी गई हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि यह कृत्य सिविल न्यायालय में होने वाली कमीशन की कार्रवाई और उसकी रिपोर्ट को प्रभावित करने की साजिश के तहत किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)