आजमगढ़ : डकैती की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में असलहों के साथ पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0



पुलिस ने कॉलेज के खंडहर से दबोचा, तीन पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और डकैती के औजार बरामद

आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस, डकैती में प्रयुक्त होने वाले औजार तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार 6 जुलाई की रात उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर, उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, उपनिरीक्षक गौरव सिंह तथा पुलिस टीम क्षेत्र में चोरी, नकबजनी और डकैती की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम गम्भीरवन स्थित कृष्णा कॉलेज के खंडहर में छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभिषेक यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी, अजय यादव निवासी जहानाबाद थाना मधुबन (मऊ), आशीष चौहान निवासी गेलवारा थाना सिधारी, जयहिंद मौर्य तथा गोविंद यादव निवासी मोहनाठ थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तीन पिस्टल (.32 बोर), छह जिंदा कारतूस (.32 बोर), दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक कटर, एक पाइप हथौड़ी, लोहे की पाइप में लगी चकरी तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना जहानागंज पर बीएनएस की धारा 310(4), 310(5) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपराध स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई जहानागंज थाना पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)