कचरा निस्तारण केंद्र की चारदीवारी व डस्टबिन तोड़ने तथा सरकारी पोखरी पाटने की शिकायत, कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के आँवक ग्राम पंचायत में सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के प्रशासक/ग्राम प्रधान जाहिद खान ने थाना रानी की सराय में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर सरकारी धन से निर्मित कचरा निस्तारण स्थल की चारदीवारी तोड़ने, लोहे के डस्टबिन को जेसीबी से ध्वस्त करने तथा सरकारी पोखरी को कूड़े से पाटने का आरोप लगाया है। थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम प्रधान जाहिद खान ने आरोप लगाया है कि 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे गांव निवासी अबु हमजा ने सरकारी धन से निर्मित वर्मी/नाडेप कचरा निस्तारण स्थल की चारदीवारी गिरा दी तथा जेसीबी मशीन से लोहे के डस्टबिन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि इसके बाद वहां से निकले कूड़े के ढेर को कब्जे की नीयत से बगल स्थित सरकारी पोखरी में डालकर पाट दिया गया। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि आरोपी पूर्व में भी सरकारी कार्यों में कई बार व्यवधान उत्पन्न कर चुका है। उन्होंने दावा किया है कि घटना का वीडियो उनके पास उपलब्ध है। ग्राम प्रधान ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को तहरीर दे दी गई है। मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार है। आरोपी पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।





