आजमगढ़ : रेस्टोरेंट में पुलिस का छापा, संदिग्ध गतिविधियों पर कई लोग हिरासत में

Youth India Times
By -
0


अज्ञात महिला की सूचना पर फूड प्वाइंट रेस्टोरेंट पहुंची पुलिस, जांच के बाद होगी कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव बाजार स्थित एक फूड प्वाइंट रेस्टोरेंट में शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद कई लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट संचालक सहित दो पुरुषों और दो युवतियों को थाने ले जाया गया। बाद में पूछताछ के उपरांत दो युवतियों को छोड़ दिया गया। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस के पहुंचने के दौरान दो युवक मौके से भागने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे बाजार में दिनभर इसकी चर्चा होती रही। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग पर स्थित सठियांव बाजार के फूड प्वाइंट रेस्टोरेंट में कुछ युवक युवतियों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने पुलिस को फोन कर रेस्टोरेंट में आपत्तिजनक गतिविधियां होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दो युवतियों को छोड़ दिया गया, जबकि अन्य लोगों से थाने में पूछताछ की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान दो युवक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सठियांव में इस प्रकार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जानी चाहिए, ताकि सामाजिक वातावरण प्रभावित न हो। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिचंद चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना जांच पूरी किए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)