आजमगढ़ : भाजपा एमएलसी के बेटे के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

Youth India Times
By -
0



टोल शुल्क को लेकर विवाद के बाद मारपीट का आरोप
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के मक्खापुर गांव निवासी विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर के पुत्र संदीप राजभर पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के चक फरीद गांव निवासी अजीत राय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के स्टोन संख्या 203 स्थित फुलवरिया टोल प्लाजा पर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। अजीत राय का आरोप है कि 14 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे संदीप राजभर बिना नंबर की स्कॉर्पियो से टोल प्लाजा पहुंचे और टोल शुल्क दिए बिना वाहन निकालने का प्रयास किया। शिकायत के मुताबिक, जब टोल कर्मियों ने वाहन को रोककर शुल्क जमा करने के लिए कहा तो संदीप राजभर कथित रूप से वाहन से उतरकर टोल प्लाजा के केबिन में घुस गए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे कुछ कर्मियों को चोटें आईं। घटना के अगले दिन टोल सुपरवाइजर अजीत राय ने जैतपुर थाने में संदीप राजभर और उनके साथियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना से जुड़े साक्ष्य और अन्य तथ्यों का संकलन किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)