सोते समय किया हमला, जान बचाकर भागा युवक
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कपूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी और भाभी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसके प्राइवेट पार्ट को चाकू से काटने का प्रयास किया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 28 जुलाई की रात उसकी पत्नी और भाभी के बीच बच्चों को लेकर विवाद हो रहा था। उस समय वह चारपाई पर सो रहा था। युवक का आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने मिलकर उस पर हमला करने की योजना बनाई। आरोप है कि भाभी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि पत्नी ने चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट पर वार करने का प्रयास किया। दर्द होने पर वह शोर मचाते हुए किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। युवक ने बताया कि 29 जुलाई को वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मेडिकल परीक्षण में कैंची जैसी किसी धारदार वस्तु से प्राइवेट पार्ट पर हल्की चोट मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा थाना प्रभारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



