आजमगढ़ : फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव

Youth India Times
By -
0

पति से मतभेद के बाद मायके में रह रही थी मृतका

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रघुनंदन नगर (अहिरौली) गांव में गुरुवार शाम एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 26 वर्षीय किरन कुमारी पुत्री लक्ष्मी राम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच मतभेद होने लगे, जिसके चलते वह लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। उसकी दो वर्ष की एक बेटी भी है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम किरन अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी बीच कमरे के अंदर झांकने पर वह साड़ी के फंदे से पंखे के सहारे लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। परिवार के अनुसार, किरन अपने छह भाई-बहनों में चौथे स्थान पर थी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)