आजमगढ़ : श्रावण व त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी व एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

Youth India Times
By -
0

 



कांवड़ यात्रा, नाग पंचमी व रक्षाबंधन की सुरक्षा व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
आजमगढ़। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नाग पंचमी, रक्षाबंधन एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, ऑपरेशन दृष्टि, यूपी-112, ऑपरेशन कन्विक्शन, साइबर अपराध नियंत्रण तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए। बैठक में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक खबरों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी और एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को बीट प्रणाली को अधिक सक्रिय बनाने, थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा आगामी त्योहारों के दौरान प्रभावी गश्त, पैदल भ्रमण और पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा, पशु तस्करी एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने तथा जनसुनवाई एवं समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)