हेड बॉय-हेड गर्ल समेत विभिन्न पदों के लिए विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, लोकतांत्रिक मूल्यों से कराया गया परिचय
आजमगढ़। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में गुरुवार को छात्र परिषद के विभिन्न पदों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। हेड बॉय, हेड गर्ल, हेड ऑफ स्कूल प्रीफेक्ट्स, स्कूल प्रीफेक्ट, कल्चरल एवं स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन तथा वालंटियर समेत कुल 42 पदों के लिए आधुनिक ई-वोटिंग प्रणाली के माध्यम से मतदान संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। विद्यालय में प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली और मतदान के महत्व से परिचित कराने के उद्देश्य से छात्र परिषद चुनाव आयोजित किए जाते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कक्षा 12 के योग्य छात्र-छात्राओं का नामांकन किया गया, जिसके बाद चुनाव समिति ने मानकों के अनुरूप उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की। सभी प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव कोड दिए गए, जिनके माध्यम से उन्होंने मंच पर अपने विचार रखे और विद्यार्थियों से समर्थन मांगा। मतदान में कक्षा 4 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हेड बॉय एवं हेड गर्ल पद के लिए रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो हाउस के कुल 13 छात्र-छात्राओं ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की। पूरे चुनाव अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक माहौल और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार की चुनाव प्रक्रिया विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्वाचित छात्र प्रतिनिधि विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने और छात्र-हित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल एवं सीएओ साक्षी बिसेन ने सफल आयोजन के लिए प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।



