सर्वोदय पब्लिक स्कूल में अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित, कोच जयप्रकाश यादव को भी मिला सम्मान
आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगे-राजेन्द्र प्रसाद यादव
आजमगढ़। थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन करने वाले युवा पहलवान विवेक चौहान का शुक्रवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में भव्य सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रबंधक एवं आजमगढ़ कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके कोच एवं उपक्रीड़ा अधिकारी जयप्रकाश यादव को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विवेक चौहान, वीरेन्द्र कुमार चौहान के पुत्र हैं और जनपद के चंदौका, पोस्ट पठखौली के निवासी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे आजमगढ़ में खुशी का माहौल है। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि विवेक की सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बताया गया कि विवेक चौहान ने कुश्ती का प्रारंभिक प्रशिक्षण सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में कोच जयप्रकाश यादव एवं गोविंद यादव के मार्गदर्शन में प्राप्त किया। पिछले एक वर्ष से वह स्पोर्ट्स हॉस्टल, गोरखपुर में रहकर नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। समारोह को संबोधित करते हुए राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि आजमगढ़ की धरती लगातार प्रतिभाशाली पहलवान तैयार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगे। इस अवसर पर कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव, सचिव प्रवीण कुमार यादव, आजमगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव अजेन्द्र राय, चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुन्दर गुप्ता, भयैया लाल, लालचंद यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेन्द्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विवेक चौहान को उनकी शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




