अलग-अलग जन्मतिथि वाले कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर हासिल किए थे दो पासपोर्ट
आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के आधार पर अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाकर दो बार पासपोर्ट बनवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शासकीय अभिलेखों एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार भारती की तहरीर पर जांच की गई। जांच में रसूलपुर तुंगी निवासी 39 वर्षीय मोहम्मद किरमान द्वारा अलग-अलग कूटरचित शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, जिन पर भिन्न-भिन्न जन्मतिथि अंकित थी, का उपयोग कर दो बार पासपोर्ट बनवाने का मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद थाना बरदह में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। रविवार को उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही व उनकी टीम ने आरोपी को खराट नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।




