आज़मगढ़ : 8 चोरी की ई-रिक्शाएं मालिकों को मिलीं वापस, वाहन पाकर खिले चेहरे

Youth India Times
By -
0

 






कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से बरामद वाहन सुपुर्द, स्वामियों ने SSP समेत पूरी पुलिस टीम का जताया आभार
आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की बरामद 08 ई-रिक्शाओं को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। वाहन वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने आजमगढ़ पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में पूर्व में 08 चोरी की ई-रिक्शाएं और 36 बैटरियां बरामद की गई थीं। विधिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रविवार को सभी ई-रिक्शाएं उनके मालिकों को सौंप दी गईं। वाहन स्वामियों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और पेशेवर जांच के कारण उन्हें उनकी आजीविका का प्रमुख साधन वापस मिल सका। उन्होंने एसएसपी सहित पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)