आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन में डॉक्टर्स डे पर नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर आयोजित

Youth India Times
By -
0




विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर स्वास्थ्य और मौखिक स्वच्छता के प्रति किया जागरूक, विद्यालय ने किया सम्मानित
आजमगढ़। चिकित्सा जगत के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन, कालीचौरा में बुधवार को उत्साहपूर्वक डॉक्टर्स डे मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नि:शुल्क दंत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नन्हे विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में जा ब्रेसेस एंड डेंटल केयर के डॉ. जगन्नाथ मिश्रा ने अपनी टीम के साथ बच्चों की दंत जांच की, जबकि होमियो क्योर क्लिनिक के डॉ. सुरेन्द्र नाथ दुबे ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को मौखिक स्वच्छता, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रत्येक बच्चे को उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी प्रदान की गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा ने डॉ. जगन्नाथ मिश्रा, डॉ. सुरेन्द्र नाथ दुबे एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर समाज के लिए ईश्वर के दूसरे रूप हैं, जो अपनी सेवा और समर्पण से लोगों को स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा और प्रबंधक पीयूष मोढ़ा के मार्गदर्शन तथा शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन पर विद्यालय की ओर से दोनों चिकित्सकों और उनकी टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज के प्रति डॉक्टरों के अमूल्य योगदान का सम्मान करने का प्रभावी माध्यम हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)