पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस और मोटर साइकिल बरामद
आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई नियंत्रित कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 7 जुलाई की रात ग्राम डण्डवल में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन करने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान अजीत यादव उर्फ भन्टा और उसके साथियों ने प्रितोष राजभर तथा ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रितोष राजभर की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। इस मामले में 8 जुलाई को मृतक की मां की तहरीर पर मेंहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार तड़के करीब 1:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत यादव उर्फ भन्टा (29) निवासी ग्राम डण्डवल, थाना मेंहनाजपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने शादी समारोह में हुए विवाद के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले के अलावा पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।





