ग्राम प्रधान जाहिद खान ने किया उद्घाटन
यूकेजी से 10वीं तक के बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, केमिस्ट्री, इतिहास सहित कंप्यूटर शिक्षा भी मिलेगी निःशुल्क
आजमगढ़। शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंवक पंचायत भवन में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। बुधवार को ग्राम प्रधान जाहिद खान ने फीता काटकर कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जाहिद खान ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पंचायत भवन में पूरी तरह निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कोचिंग में यूकेजी से लेकर कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, केमिस्ट्री, इतिहास एवं अन्य विषयों के साथ कंप्यूटर शिक्षा भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी। कक्षाएं प्रतिदिन सायं 4 बजे से पंचायत भवन आंवक में संचालित होंगी। शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी शिक्षक माज अकरम संभालेंगे। ग्राम प्रधान ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से कोचिंग में भेजें, ताकि वे इस निःशुल्क शिक्षा पहल का अधिकतम लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि "शिक्षा ही भविष्य है, आइए मिलकर इसे संवारें।" उद्घाटन अवसर पर ग्राम पंचायत के लोग, अभिभावक और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे तथा इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।





