आजमगढ़ में 6 शस्त्र लाइसेंस निरस्त, एसएसपी की सख्त कार्रवाई जारी

Youth India Times
By -
0

 



अब तक 57 लाइसेंस निलंबित/निरस्त, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान तेज
आजमगढ़। जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत छह शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी की संस्तुति तथा जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अनुमोदन के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, जिन छह शस्त्रधारकों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, वे विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए गए हैं। उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमों और आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने माना कि उनके पास शस्त्र बने रहना लोकशांति और जनसुरक्षा के लिए उचित नहीं है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 57 शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है और जिनके पास शस्त्र होने से आमजन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होता है, उनके विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। निरस्त किए गए लाइसेंस धारकों में मेहनगर, रौनापार और बिलरियागंज थाना क्षेत्रों के छह व्यक्ति शामिल हैं, जिनके विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)