आजमगढ़ : पुलिस ने नष्ट किया अपमिश्रित शराब बनाने का लाखों का सामान

Youth India Times
By -
0


न्यायालय के आदेश पर एसडीएम फूलपुर की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

आजमगढ़। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन दहन" अभियान के तहत थाना पवई पुलिस ने अपमिश्रित शराब बनाने में प्रयुक्त लाखों रुपये के मुकदमाती माल का विधिक प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संपन्न कराई गई। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को एफटीसी-2 न्यायालय के आदेश पर थाना पवई में दर्ज मुकदमा संख्या 30/2021 (धारा 419, 420, 467, 468, 272, 273 भादवि एवं 60ए/72 आबकारी अधिनियम) से संबंधित जब्त सामग्री का निस्तारण कराया गया। नष्ट किए गए मुकदमाती माल में 100 क्यूआर कोड, 1000 सीसी के 100 ढक्कन, 400 लीटर स्प्रिट, 624 पऊवा अपमिश्रित देशी शराब, 7 किलोग्राम यूरिया, 1 किलोग्राम नौसादर, 71 खाली गत्ते, एक एल्कोहल मीटर, एक पैकिंग मशीन तथा 12 हजार रुपये नकद शामिल रहे। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार सहित थाना पवई के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मुकदमाती माल का विधिसम्मत निस्तारण करना है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)