बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव; हत्या का आरोप लगाकर परिजनों का हंगामा
जमीन बिक्री के 35 लाख रुपये को लेकर विवाद का आरोप, साले पर जताया शक
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में गुरुवार रात एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव बंद कमरे में चादर के सहारे फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में ससुराल पहुंच गए तथा हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी (पुत्र स्वर्गीय सूर्यनाथ पाठक) गुरुवार शाम अपनी दूसरी पत्नी सुप्रिया और बेटे के साथ मोटरसाइकिल से बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव स्थित ससुराल पहुंचे थे। बताया गया कि वह अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आए थे। देर रात किसी बात को लेकर परिवार में विवाद होने की चर्चा है। इसके बाद उपेंद्र एक कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो उपेंद्र का शव चादर के सहारे फंदे से लटका मिला। शुक्रवार सुबह घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सहनूडीह पहुंच गए। उन्होंने युवक की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कुछ समय तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि उपेंद्र ने कुछ दिन पहले करीब 35 लाख रुपये मूल्य की जमीन बेची थी। उनका कहना है कि इसी धनराशि को लेकर साले आदर्श उर्फ शोले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार शाम इसी विवाद के बाद उपेंद्र की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। बताया जाता है कि उपेंद्र पहले कर्नाटक की एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। पहली पत्नी से उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। करीब नौ वर्ष पूर्व उन्होंने दूसरी शादी की थी, जिससे एक पुत्र है। दूसरी शादी के बाद वह गांव में रहकर परिवार के साथ जीवनयापन कर रहे थे। बरदह थानाध्यक्ष दीपचंद ने बताया कि बंद कमरे का ताला तोड़कर शव बरामद किया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।



